VIJAY BAGHEL : MP Baghel got angry in front of the Deputy CM, said – you have come, write my name with your mouth wide open!
दुर्ग, 1 नवंबर 2025। कुम्हारी में स्वर्गीय बिंदेश्वरी महाविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में उस समय माहौल गरमा गया जब सांसद विजय बघेल मंच से ही कांग्रेसियों पर भड़क उठे। दरअसल, उद्घाटन कार्यक्रम में नाम नहीं लिखे जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आई थी। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद बघेल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम लेते हुए उनके समर्थकों को जमकर फटकार लगाई।
सांसद विजय बघेल ने मंच से कहा “हमें प्रोटोकॉल सिखाने की जरूरत नहीं है। ये लोग नाम नहीं लिखने की बात करते हैं, लेकिन जब राज्य के उप मुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम में मौजूद हैं, तब ये लोग यहां दिखाई नहीं देते। चाहे इनके मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री हों या इनके चंगू-मंगू आ गए यहां मुंह फाड़कर मेरा नाम लिखो।”
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे, जबकि सांसद विजय बघेल ने अध्यक्षता की। भूमिपूजन और लोकार्पण समारोह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसी बीच कॉलेज छात्रों की अनुशासनहीनता पर भी सांसद बघेल ने कड़ा रुख अपनाया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंच से ही छात्रों के व्यवहार पर असंतोष व्यक्त किया, जिसके बाद सांसद ने कॉलेज प्राचार्य को फटकार लगाते हुए कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज की स्थिति की समीक्षा जल्द की जाएगी और सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

