ANTI FASCISM RESOLUTION : National conference of Jan Sanskriti Manch concluded in Ranchi, 300 writers and artists united against fascism
रांची। ANTI FASCISM RESOLUTION जन संस्कृति मंच (जसम) का 17वां राष्ट्रीय सम्मेलन 12-13 जुलाई को झारखंड की राजधानी रांची के सोशल डेवलपमेंट सेंटर में संपन्न हुआ। “फासीवाद की विभाजनकारी संस्कृति के खिलाफ एकता, सृजन और संघर्ष” के संकल्प के साथ देशभर से आए 300 से अधिक लेखक, संस्कृतिकर्मी और कलाकार इसमें शामिल हुए।
सम्मेलन के सांगठनिक सत्र में मशहूर रंगकर्मी जहूर आलम को राष्ट्रीय अध्यक्ष और लेखक-पत्रकार मनोज कुमार सिंह को महासचिव चुना गया। साथ ही 52 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी और 213 सदस्यीय राष्ट्रीय परिषद का गठन किया गया।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में सोशल एक्टिविस्ट डॉ. नवशरण सिंह ने कहा कि आज का समय फासीवादी हमलों का है। लेखक, बुद्धिजीवी और कलाकारों को मिलकर इसका सांस्कृतिक प्रतिरोध करना होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष रविभूषण ने कहा कि 2014 के बाद लोकतांत्रिक संस्थाएं ढह रही हैं और सांस्कृतिक प्रतिरोध की आवश्यकता और बढ़ गई है।
सम्मेलन में देशभर के कई साहित्यकारों, रंगकर्मियों और दस्तावेजी फिल्म निर्माताओं ने शिरकत की और फासीवादी ताकतों के खिलाफ मजबूत सांस्कृतिक मोर्चा खड़ा करने का संकल्प लिया।
ANTI FASCISM RESOLUTION सम्मेलन के दूसरे दिन सांगठनिक सत्र में कार्ययोजना और आगे की रणनीतियों पर चर्चा की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ से सियाराम शर्मा, बिहार से अहमद सगीर और उत्तर प्रदेश से कौशल किशोर ने अपने विचार रखे।
दोनों दिन शाम को देशभर की सांस्कृतिक टीमों ने गीत, नृत्य, नाटक और कविता की प्रस्तुतियां दीं। ‘हम होंगे कामयाब’ के समूह गायन और फासीवाद विरोधी अभियान को तेज करने की प्रतिबद्धता के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

