Delhi Election 2025: दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली गारंटी, महिलाओं को मिलेंगे हर महीने 2500 रुपये

Delhi Election 2025: नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस ने अपनी पहली गारंटी सोमवार को जारी की है। कांग्रेस ने प्यारी दीदी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, प्रदेश महिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह व राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने संयुक्त रूप से योजना को जारी किया है।
कांग्रेस के 30 से अधिक वरिष्ठ नेता संभालेंगे मोर्चा
दिल्ली विधानसभा चुनाव की लगातार बढ़ रही सरगर्मियों के बीच कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी को पुख्ता किया है। एक तरफ वार रूम से प्रत्याशियों के लिए दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ आप और भाजपा को मुंहतोड़ दवाब देने के लिए 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को भी मैदान में उतारा जा रहा है। इसमें कांग्रेस के सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से लेकर प्रवक्ता तक शामिल हैं। ये सभी वरिष्ठ नेता रोज यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता करेंगे।
चुनावी मैदान में उतरेंगे कांग्रेस के दिग्गज
कांग्रेस के घोषणापत्र यानी गारंटियों को भी जारी करेंगे। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में कांग्रेस की टॉप लीडरशिप इस चुनावी मैदान में उतरेगी। इनके लिए बड़ी रैलियों से लेकर प्रत्याशियों के यहां पर जनसभाओं तक के लिए समय निर्धारित किया गया है। इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम किए जाएंगे।
इनके अलावा जिन 30 से अधिक नेताओं की ड्यूटी प्रेसवार्ता के लिए लगाई गई है, उनमें उनमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवाकुमार, सचिन पायलट, अशोक गहलोत, जयराम रमेश, पवन खेड़ा, दीपेंद्र हुड्डा, कन्हैया कुमार, अजय राय, कुमारी शैलजा, जिग्नेश मेवानी, भूपेश बघेल, अजय माकन, चरणजीत सिंह चन्नी आदि का नाम शामिल है।