Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कन्याकुमारी में दो दिन ठहरेंगे और 30 मई की शाम से एक जून की शाम तक ध्यान मंडपम में ध्यान लगाएंगे. पीएम मोदी कन्याकुमारी के प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल में दो दिवसीय ध्यान करेंगे, जिसके मद्देनजर पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रधानमंत्री मोदी उसी स्थान पर दिन-रात ध्यान करेंगे, जहां स्वामी विवेकानंद ने ध्यान किया था.
पीएम मोदी ने भगवती अम्मन मंदिर में प्रार्थना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी में श्री भगवती अम्मन मंदिर में प्रार्थना की. वे 30 मई की शाम से 1 जून की शाम तक ध्यान करेंगे. एक जून को अपनी रवानगी से पहले प्रधानमंत्री मोदी संभवतः तमिल कवि तिरुवल्लुवर की 133 फुट ऊंची प्रतिमा को भी देखने के लिए जा सकते हैं. यह प्रतिमा रॉक मेमोरियल के ठीक बगल में स्थित है.
प्रधानमंत्री मोदी कन्याकुमारी में ठहरेंगे 45 घंटा
प्रधानमंत्री मोदी कन्याकुमारी में 45 घंटे ठहरेंगे, जिसके मद्देनजर कड़ी सुरक्षा सहित सभी इंतजाम पूरे कर लिये गये हैं. विवेकानंद के नाम पर बना यह स्मारक समुद्र के मध्य में स्थित है. लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान के समापन के बाद मोदी स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि देने के लिए बनाए गए स्मारक ‘रॉक मेमोरियल’ में ध्यान लगायेंगे.
कन्याकुमारी में 2000 पुलिसकर्मी तैनात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रसिद्ध विवेकानंद रॉक मेमोरियल पर 45 घंटे के प्रवास के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं. देश के दक्षिणी छोर पर स्थित इस जिले में 2000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कड़ी निगरानी रखेंगे. तिरुनेलवेली रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) प्रवेश कुमार के साथ ही पुलिस अधीक्षक ई. सुंदरावथनम ने रॉक मेमोरियल, बोट जेटी, हेलीपैड और कन्याकुमारी में राज्य के अतिथि गृह का निरीक्षण किया. प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात दल पहले ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया है.

