BREAKING: Union Minister Smriti Irani leaves for Bilaspur, Mahtari will be involved in Hunkar rally, Congress told shameless gimmick
रायपुर। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी रायपुर पहुंचकर एयरपोर्ट से सीधे बीजेपी कार्यालय गईं। जहां भाजपा के नेताओं से मुलाकात करके बिलासपुर रवाना हो गई हैं। बिलासपुर के नेहरु चौक पर महतारी हुंकार रैली नाम से जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसमें शामिल होंगी।भाजपा ने महतारी हुंकार रैली में भीड़ जुटाने के लिये पूरी ताकत झोंक रखी है।
केंद्रीय मंत्री बिलासपुर के छत्तीसगढ़ भवन जाएंगी। वहां पर 1.30 बजे जगमल चौक स्थित पटेल मैदान से महतारी हुंकार रैली का नेतृत्व करेंगी। यह रैली नेहरू चौक जाकर एक जनसभा में बदल जाएगा। स्मृति ईरानी को इस जनसभा में मुख्य वक्ता के तौर पर बुलाया गया है। रैली के बाद स्मृति ईरानी वापस रायपुर होकर दिल्ली लौट जाएंगी। हुंकार रैली की तैयारियों से जुड़ी पूरी खबर यहां पढ़ें
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा है, कांग्रेस के राज में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है। उनके कुपोषण एनीमिया में भारी वृद्धि हुई है। इस मामले में कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को देश में पहले स्थान पर ला दिया है। प्रदेश की महिलाओं को उत्पीड़न से बचाने भाजपा महिला मोर्चा सरकार के खिलाफ सड़क पर शंखनाद कर रहा है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति कांग्रेस सरकार का प्रतिकार करेगी। यह महतारी हुंकार रैली कांग्रेस सरकार के सफाये का आधार बनेगी।
कांग्रेस ने स्मृति ईरानी से पूछे आठ सवाल –
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने स्मृति ईरानी से सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा, जब खाद्य तेल, सरसों के तेल की कीमत, शक्कर, आटा, दालों की कीमत आज की अपेक्षा आधी थी तब स्मृति को महंगाई अधिक लग रही थी।
कांग्रेस सांसद ने बताया ढकोसला-ईरानी को दी खुली चुनौती –
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को खुली चुनौती दी है। रंजीत ने कहा कि स्मृति ईरानी यदि वास्तव में महिलाओं के साथ खड़ी हैं तो 1100 रुपए गैस सिलेंडर का विरोध करें। मैं कांग्रेस में होने के बाद भी आपके साथ बैठकर गैस सिलेंडर की कीमत का विरोध जरूर करुंगी। रंजीत रंजन ने महतारी हुंकार रैली को ढकोसला बताया।
इधर बिलासपुर में रैली और प्रदर्शन की तैयारी पूरी हो गई है। इससे पहले गुरुवार को भाजपा युवा मोर्चा ने एकजुटता दिखाने मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अरुण साव ने कहा कि इस मशाल की आग अब प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़कर फेंकने के बाद ही बुझेगी। इधर, पुलिस ने भी रैली को देखते हुए ट्रैफिक कंट्रोल करने पूरी ताकत झोंक दी है और रूट प्लान तैयार कर रूट डायर्वट भी किया है।
350 जवान और अफसर रहेंगे तैनात –
रैली के दौरान किसी भी तरह की कानून व्यवस्था ना बिगड़ पाए, इसे देखते हुए पुलिस के 350 जवानों के साथ ही पुलिस अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस जवानों व अफसरों को सुबह 7 बजे से ही बुलाया गया है। रैली को लेकर SSP पारुल माथुर ने सभी अधिकारियों की मीटिंग ली। इसके बाद उन्होंने जगमल चौक से लेकर सभी रूट डायवर्ट पाइंट का जायजा लिया। रैली व सभा के दौरान पुलिस विभाग के दफ्तरों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा एम्बुलेंस जैसे जरूरी वाहनों के लिए किसी भी तरह के जाम की स्थिति न बने, इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस ने बताया था बेशर्म नौटंकी –
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने इस आयोजन पर पहले ही सवाल खड़े करते हुए कहे थे कि, भाजपा की हुकार रैली एक बेशर्म नौटंकी है। मोहन मरकाम ने आगे कहा- जब प्रदेश में 15 सालों तक महिलाओं के साथ अत्याचारों की पूरी श्रृंखला चालू थी तब भाजपा कहां सोई थी? आज प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित हैं, महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों में रमन राज की अपेक्षा कांग्रेस की सरकार बनने के बाद 62 प्रतिशत की कमी आई है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद महिलाओं को जीवन जीने के लिये सुरक्षित भयमुक्त वातावरण मिला है।
इस आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ सहप्रभारी नितिन नबीन ने कहा था कि, भाजपा प्रदेश की आधी आबादी की समस्याओं की वकील बनकर न्यायधानी में आंदोलन कर रही है। इसके बाद 16 से 20 नवंबर तक संभाग स्तरीय गौरव प्रदर्शनी का आयोजन होगा। बस्तर में 21 नवंबर और सरगुजा संभाग में 28 नवंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। शहीद वीर नारायण सिंह की बलिदान दिवस 10 दिसंबर को भाजपा जनजातीय अधिकार दिवस के रूप में मनाएगी।


