नाइट पेट्रोलिंग देख भागने लगा युवक: पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा, तलाशी में मिले जेवर-नकदी

Date:

बिलासपुर। देर रात शहर में गश्त पर निकली पुलिस टीम की सतर्कता एक बार फिर काम आई। देवेंद्र नगर क्षेत्र में पुलिस को देखते ही संदिग्ध रूप से भागने वाले एक युवक को जवानों ने दौड़ाकर धर दबोचा। जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवर और नगदी मिली, जो हाल ही में क्षेत्र के एक सूने मकान में हुई चोरी का सामान था।

मंगलवार देर रात पैदल पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस जवान देवेंद्र नगर इलाके में थे। तभी एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबराया और तेज़ी से भागने लगा। उसकी हरकत संदिग्ध लगने पर जवानों ने तुरंत पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सकरी आवासपारा निवासी संजय ध्रुव के रूप में हुई, जो पहले भी चोरी के कई मामलों में शामिल रह चुका है।

तलाशी के दौरान उसके पास से बरामद जेवरात और नकदी की पहचान उसी मकान के चोरी गए सामान के रूप में हुई, जिसमें कुछ समय पहले घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।

पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। फुटेज में आरोपी को चोरी कर भागते और उसके पीछे दौड़ते पुलिसकर्मियों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि संजय ध्रुव एक आदतन अपराधी है, और उसके पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं वह अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं।

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related