रायपुर। छत्तीसगढ़ के चार नगर निगमों के साथ ही कुल 15 नगरीय निकायों चुनाव के लिए सरगर्मी तेज होने लगी है। राज्य निर्वाचन आयोग इन निकायों में निर्वाचन के लिए जल्द ही कार्यक्रम की घोषणा कर देगा। मिल रही जानकारी के मुताबिक 12 नवम्बर को निर्वाचन आयोग ने एक बैठक बुलाई है। इसमें आयोग की तैयारियों की समीक्षा होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त अगर तैयारियों से संतुष्ट हुए तो अगले कुछ दिनों में चुनाव कराने के आदेश जारी हो जाएंगे।
विदित है कि छत्तीसगढ़ के 15 नगरीय निकायों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। नई शहरी सरकार चुनने के लिए आम चुनाव होने थे, लेकिन कोरोना की वजह से यह टलता गया। हाल ही में इन शहरों के लिए नई मतदाता सूची तैयार कर ली गई है। इनका अंतिम प्रकाशन कराया जा चुका है। इन शहरों में मतदान केंद्रों का भी निर्धारण हो चुका है। शुक्रवार को जिलों के कलेक्टर के साथ बैठक में मानव संसाधन-स्टेशनरी और दूसरी जरूरतों की समीक्षा की जानी है। आयोग ने कलेक्टर से चुनाव के लिए बजट प्रस्ताव भी मंगाया है।
बताया जा रहा है, तैयारियों से अगर आयोग संतुष्ट रहा तो दिसम्बर के अंत अथवा जनवरी के पहले सप्ताह में चुनाव कराने का कार्यक्रम जारी कर सकता है। 15 शहरों में निकायों के लिए आम चुनाव के साथ कुछ नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के वार्डों में पार्षद के लिए उप चुनाव भी कराया जाना है। यह उप चुनाव भी इसी के साथ होगा।
इन शहरों में होना है निकाय चुनाव
- नगर निगम – बिरगांव, भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा।
- नगर पालिका – खैरागढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा, सारंगढ़, जामुल।
- नगर पंचायत – भैरमगढ़, भोपालपट्टनम, प्रेमनगर, मारो, कोंटा और नरहरपुर।
