UP MLC Election Results: BJP wins 6 seats, SP gets 3!
UP MLC ELECTION RESULTS: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में अब तक 10 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित हो चुके हैं।
घोषित नतीजों के मुताबिक, BJP ने 6 सीटों पर और SP ने 3 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, लखनऊ और वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना का सिलसिला जारी है। बनारस में अंतिम गणना तक समाजवादी पार्टी 11 हजार से आगे थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव कराए गए हैं।
अब तक तीन स्नातक और छह शिक्षक क्षेत्रों के नतीजे सामने आ चुके हैं। दोनों स्नातक सीटों पर मतगणना जारी है, जिनकी स्थिति रात 8 बजे तक की सूचना में दी गई है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मेरठ से बीजेपी के दिनेश कुमार गोयल ने 24,929 मत हासिल कर जीत दर्ज की। आगरा सीट पर बीजेपी के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह (गुरु जी) को 42,743 मत मिले और वह विजयी घोषित किए गए।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के डॉ. मान सिंह यादव ने 60,358 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। इस तरह घोषित स्नातक सीटों में बीजेपी को दो और सपा को एक सीट मिली है।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के घोषित नतीजों में लखनऊ से बीजेपी के उमेश द्विवेदी ने 13,179 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। मेरठ शिक्षक सीट पर बीजेपी के श्रीचंद शर्मा 18,099 मतों के साथ विजयी रहे। बरेली-मुरादाबाद सीट पर बीजेपी के डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने 21,672 मत हासिल किए, जबकि गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने 16,790 मत पाकर जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव ने 11,612 मत हासिल किए। आगरा शिक्षक सीट पर सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल ने 14,046 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। इस प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में बीजेपी ने चार और समाजवादी पार्टी ने दो सीटों पर कब्जा जमाया।
इन दोनों सीटों के अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही सभी 11 निर्वाचन क्षेत्रों की चुनावी तस्वीर साफ होगी। फिलहाल घोषित नौ नतीजों में बीजेपी छः और समाजवादी पार्टी तीन सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी हैं।
