कवर्धा (पत्रकार दीपक तिवारी) । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कवर्धा के नवनिर्मित जिला अध्यक्ष को लेकर संगठन में विवाद गहराता नजर आ रहा है। पार्टी के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष पर विधानसभा/लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से मिलीभगत कर भाजपा के विरुद्ध कार्य करने और कथित तौर पर पैसा लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि चुनाव के समय संबंधित व्यक्ति ने भाजपा प्रत्याशी को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से कांग्रेस के लिए परोक्ष रूप से काम किया। इस संबंध में कार्यकर्ताओं का दावा है कि उन्हें एक डायरी मिली है, जो एक होटल से बरामद हुई थी, जिसमें लेन-देन और चुनावी गतिविधियों से जुड़े कथित विवरण दर्ज हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यही डायरी उनके आरोपों का सबूत है।
नाम न छापने की शर्त पर कुछ कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह मामला संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है और ऐसे व्यक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना समझ से परे है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस पूरे मामले में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, जिला भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी फिलहाल इस मुद्दे पर खुलकर बोलने से बचते नजर आ रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो इसका असर न केवल संगठन की आंतरिक एकता पर पड़ेगा, बल्कि आगामी चुनावी रणनीति पर भी प्रभाव डाल सकता है।
अब देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और आरोपों की सच्चाई सामने लाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं

