CGBSE BOARD EXAM RESULT : Amidst exam tension, students flood helplines with calls.
रायपुर। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं, लेकिन एग्जाम के बीच ही छात्रों को अब रिजल्ट की चिंता सताने लगी है। यही वजह है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल की हेल्पलाइन पर लगातार कॉल्स आ रहे हैं। अब तक टोल फ्री नंबर 18002334363 पर 805 छात्रों की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।
हेल्पलाइन पर छात्र सिर्फ पढ़ाई से जुड़े सवाल ही नहीं, बल्कि रिजल्ट को लेकर भी बार-बार पूछ रहे हैं। कई छात्र जानना चाहते हैं कि रिजल्ट कब आएगा। इसके अलावा गणित के नए ब्लूप्रिंट, परीक्षा में वीक्षक से सवाल पूछने को लेकर कन्फ्यूजन, और पढ़ाई से जुड़े कई सवाल भी पूछे जा रहे हैं।
मंडल ने परीक्षा से एक दिन पहले ही यह हेल्पलाइन शुरू की थी ताकि छात्रों का तनाव कम किया जा सके। इस हेल्पलाइन का संचालन मंडल कार्यालय के समन्वयक डॉ. प्रदीप कुमार साहू, सिरिज पाल और अंशुमन कसेर कर रहे हैं, जो छात्रों के हर सवाल का धैर्य से जवाब दे रहे हैं।
इस बीच 6 मार्च को होने वाली परीक्षा को देखते हुए आज खासतौर पर गणित विषय के विशेषज्ञ हेल्पलाइन पर उपलब्ध रहेंगे, ताकि छात्रों को आखिरी समय की तैयारी में किसी तरह की परेशानी न हो।
हेल्पलाइन पर आने वाले कुछ सामान्य सवाल भी सामने आए हैं। जैसे – 9वीं से ही अच्छे अंक लाने की तैयारी कैसे करें? क्या गणित में नए ब्लूप्रिंट के अनुसार ही प्रश्न आएंगे? अगर परीक्षा के दौरान कोई सवाल समझ में नहीं आए तो क्या वीक्षक से पूछना नकल माना जाएगा? लाउडस्पीकर या शोर से ध्यान भटकने पर क्या करें?
इन सवालों से साफ है कि परीक्षा के दौरान छात्रों के मन में कई तरह की दुविधाएं रहती हैं, जिन्हें दूर करने के लिए यह हेल्पलाइन उनके लिए बड़ी राहत बन रही है।

