CG HOLI LIQUOR SALE : Liquor shops remained closed on Holi, but scuffles broke out the next day when they opened.
रायपुर। होली का त्योहार भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन राजधानी रायपुर में मदिरा प्रेमियों का जोश अभी भी ठंडा नहीं पड़ा है। 4 मार्च को होली के कारण शराब की दुकानें बंद थीं, ऐसे में जिन लोगों ने पहले से स्टॉक जमा नहीं किया था, वे अगले दिन दुकान खुलने का इंतजार करते रहे।
जैसे ही 5 मार्च को सुबह 10 बजे शराब दुकानें खुलीं, वैसे ही दुकानों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर शराब लेने के लिए धक्का-मुक्की तक देखने को मिली। लोगों ने बियर, क्वार्टर और बोतल खरीदने के लिए लंबी लाइनें लगा दीं।
दरअसल, होली से एक दिन पहले 3 मार्च को होलिका दहन के दिन भी शहर की अंग्रेजी और देशी शराब दुकानों में भारी भीड़ देखने को मिली थी। सुबह से लेकर रात तक दुकानों के बाहर मदिरा प्रेमियों का तांता लगा रहा। दुकान बंद होने के बाद भी कई लोग जुगाड़ में लगे रहे कि किसी तरह बियर या शराब मिल जाए।
होली के दिन दुकानें बंद रहने के कारण कई लोगों ने पहले से ही शराब का इंतजाम कर लिया था और देर रात तक जाम छलकाते रहे। लेकिन जिनका स्टॉक खत्म हो गया, वे अगले दिन दुकान खुलते ही शराब लेने के लिए पहुंच गए। इसी वजह से शहर के कई दुकानों पर भारी भीड़ का नजारा देखने को मिला।
आबकारी विभाग के मुताबिक, पिछले साल 2025 में होली के मौके पर राजधानी रायपुर में रिकॉर्ड तोड़ शराब बिक्री हुई थी। सिर्फ तीन दिनों के भीतर करीब 60 करोड़ रुपये की शराब बिक गई थी। इस बार अधिकारियों का अनुमान है कि यह आंकड़ा 65 करोड़ रुपये से भी ज्यादा जा सकता है।
अगर पूरे प्रदेश की बात करें तो नए साल पर भी शराब की बिक्री ने रिकॉर्ड बनाया था। साल 2026 के स्वागत में 31 दिसंबर को 53 करोड़ और 1 जनवरी को 49 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी। यानी दो दिनों में ही 100 करोड़ से ज्यादा का राजस्व सरकार को मिला था।

