HOLIKA DAHAN INCIDENT : Young man jumps into burning Holika
रायपुर डेस्क। होली के मौके पर Sambhal से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां होलिका दहन के दौरान एक युवक अचानक जलती हुई होलिका के बीच जाकर खड़ा हो गया। यह नजारा देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना गुन्नौर तहसील के नंदरौली गांव की बताई जा रही है। बुधवार रात गांव में परंपरागत तरीके से होलिका दहन किया जा रहा था। बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां मौजूद थे। आग की तेज लपटों के बीच लोग परिक्रमा कर रहे थे और गन्ने-गेहूं की बालियां भूनकर त्योहार मना रहे थे।
इसी बीच नशे में धुत एक युवक अचानक वहां पहुंचा और देखते ही देखते जलती होलिका के बीच जा खड़ा हुआ। पहले तो लोगों को समझ ही नहीं आया कि यह क्या हो गया, लेकिन जब नजर पड़ी तो सबके होश उड़ गए।
ग्रामीणों ने तुरंत हिम्मत दिखाई और जान जोखिम में डालकर युवक को आग के बीच से खींचकर बाहर निकाला। अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना के दौरान आसपास के घरों की छतों पर खड़े लोगों ने भी युवक को आग के बीच खड़ा देखा और जोर-जोर से शोर मचाकर लोगों को सतर्क किया। इसी बीच किसी ने पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
