CG DHAN GHOTALA : 66,680 quintals of paddy mysteriously disappears
जांजगीर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बड़े पैमाने पर धान घोटाले का मामला सामने आया है। मार्कफेड की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि जिले के तीन संग्रहण केंद्रों डभरा, बोड़ासागर और सक्ती से कुल 66,680 क्विंटल धान गायब हो गया है। इसके कारण सरकारी खजाने को लगभग 25 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
वर्ष 2024-25 में इन तीन केंद्रों में आसपास के खरीदी केंद्रों से 1,70,743 मीट्रिक टन धान का संग्रहण किया गया था। जब मिलान किया गया, तो अधिकारियों को पता चला कि इतने बड़े पैमाने पर धान का शॉर्टेज हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धान परिवहन के दौरान गायब हुआ या संग्रहण केंद्र में स्टोर करने के बाद गड़बड़ी हुई।
खर्च और नुकसान
धान के परिवहन, बारदाना, सुतली, हमाली और सुरक्षा खर्चों को जोड़ने पर सरकारी खजाने को लगभग 25 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इस मामले में जिला विपणन अधिकारी शोभना तिवारी ने बताया कि जांच जारी है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कवर्धा से जुड़ा तुलना मामला
पिछले साल कवर्धा में चूहे और दीमक के कारण करोड़ों का धान खराब होने का मामला सामने आया था। अब छत्तीसगढ़ के सक्ती में 25 करोड़ के इस घोटाले ने किसानों और जनता के बीच चिंता बढ़ा दी है।

