RAVI SHANKAR PRASAD HOUSE FIRE : Fire breaks out in Ravi Shankar Prasad’s house
नई दिल्ली। दिल्ली के लुटियंस जोन में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के सरकारी आवास में आग लगने की घटना सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 8:05 बजे 21 मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड स्थित कोठी के एक कमरे में रखे बेड में अचानक आग भड़क उठी। लपटें दिखते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती सूचना कोठी नंबर 2 की मिली थी, लेकिन जांच में सही पता कोठी नंबर 21 निकला, जो रविशंकर प्रसाद का निवास है। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त कमरे में कोई मौजूद नहीं था और कोई घायल नहीं हुआ।
फिलहाल दमकल और पुलिस की टीम आग लगने की असली वजह की जांच कर रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी और कारण से।

