RAIPUR NEWS: Serial theft in temples exposed, 3 minor accused arrested
रायपुर। राजधानी के विधानसभा, गुढ़ियारी, खम्हारडीह और कोतवाली थाना क्षेत्रों में मंदिरों में हुई चोरियों का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इन वारदातों को अंजाम देने वाले विधि के साथ संघर्षरत 3 नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चांदी का मुकुट, नगदी रकम और चोरी में इस्तेमाल की गई दोपहिया वाहन बरामद की गई है।
चोरी का मामला –
11 दिसंबर 2024 की रात संकट मोचन हनुमान मंदिर, विधानसभा में चोरी की घटना हुई। पुजारी धन्नु प्रसाद दुबे ने शिकायत दर्ज कराई कि मंदिर का ताला टूटा हुआ था और चांदी का मुकुट और दान पेटी से नगदी रकम गायब थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुलासा –
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध लड़कों को घटना स्थल के आसपास देखा गया। पुलिस ने मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों नाबालिगों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
अन्य चोरियों का खुलासा –
आरोपियों ने टैगोर नगर स्थित साईं मंदिर (कोतवाली थाना), कोटा स्थित शिव मंदिर (गुढ़ियारी थाना), और खम्हारडीह स्थित शिव मंदिर में भी चोरी की बात कबूल की।
बरामद सामान –
चांदी का मुकुट
नगदी रकम
एक दोपहिया वाहन (CG/04/PA/0892)
कुल बरामदगी की कीमत: ₹60,000
फरार आरोपी की तलाश जारी –
प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी –
इस कार्रवाई में निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह (थाना प्रभारी विधानसभा), प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय (एंटी क्राइम और साइबर यूनिट), सउनि शंकर ध्रुव, प्र.आर. कृपा सिंधु पटेल, आर. धनंजय गोस्वामी, अमित घृतलहरे, प्रकाश पात्रे, प्रमोद बेहरा और आत्माराम भारती का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती से नियंत्रण किया जाएगा।

