Raipur Nagar Nigam Strike : छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में रायपुर नगर पालिक निगम के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह लामबंद हो गए हैं। रायपुर नगर पालिक निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के आह्वान पर निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने 29 एवं 30 दिसंबर को कार्यालय में काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए फेडरेशन की मांगों का पूर्ण समर्थन किया।
संघ ने निर्णय लिया है कि 31 दिसंबर 2025 (बुधवार) को निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल में शामिल होंगे। इस दिन दोपहर 12 बजे नगर निगम मुख्यालय से सफेद शर्ट–काली पेंट ड्रेस कोड में रैली निकालकर अधिकारी-कर्मचारी बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा के पीछे निर्धारित धरना स्थल पहुंचेंगे और भौतिक रूप से हड़ताल में सम्मिलित होकर अपना समर्थन दर्ज कराएंगे।
27 दिसंबर को फेडरेशन पदाधिकारियों ने मांगा था समर्थन
उल्लेखनीय है कि 27 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, राज्य पदाधिकारी उमेश मुदलियार एवं रायपुर जिला संयोजक पीतांबर पटेल नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन पहुंचे थे। यहां उन्होंने रायपुर नगर पालिक निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद जाधव सहित पदाधिकारियों से 29, 30 और 31 दिसंबर की तीन दिवसीय कामबंद–कलमबंद हड़ताल की जानकारी दी और समर्थन का आग्रह किया था।
आमजन न हों प्रभावित, इसलिए अपनाया गया यह तरीका
संघ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने बताया कि नगर निगम द्वारा सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट जैसी अत्यावश्यक सेवाएं आम जनता के लिए संचालित की जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए 29 और 30 दिसंबर को केवल काली पट्टी लगाकर कार्य किया गया, ताकि आमजन प्रभावित न हों। वहीं 31 दिसंबर को प्रतीकात्मक लेकिन सामूहिक हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया गया है।
महापौर और आयुक्त से मिलकर सौंपेंगे मांगपत्र
रायपुर नगर पालिक निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के सभी पदाधिकारी 31 दिसंबर को सुबह 11:30 बजे महापौर श्रीमती मीनल चौबे और आयुक्त श्री विश्वदीप से मुलाकात कर लिखित मांगपत्र सौंपेंगे। इसमें निगम के अगले 10 वर्षों के लिए तैयार किए जा रहे विभागीय सेटअप में सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को समान अवसर, विभागीय पदोन्नति का वांछित लाभ शीघ्र दिए जाने जैसी मांगें प्रमुख रूप से रखी जाएंगी।
संघ ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया है। इस आंदोलन से नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी हितों और प्रशासनिक ढांचे में सुधार की मांग को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

