RAIPUR: Mass tribute ceremony organized on Pitru Moksha Amavasya.
RAIPUR: कान्यकुब्ज सभा एवं शिक्षा मंडल के तत्वावधान में पितृ मोक्ष अमावस्या के अवसर पर सामूहिक श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत राजीवलोचनदास जी महाराज मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पितृ पक्ष केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। पूर्वजों के संस्कार, त्याग और परिश्रम ही हमारी पहचान का आधार हैं।
संत राजीवलोचनदास जी ने तर्पण, दान और पिंडदान की धार्मिक महत्ता बताते हुए लोगों से पूर्वजों के आदर्शों, नैतिक मूल्यों और समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, सचिव राजकुमार दीक्षित एवं उपाध्यक्ष संजय अवस्थी ने आयोजन के उद्देश्यों और सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान संत राजीवलोचनदास जी का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। दिवंगत पूर्व अध्यक्षों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का संचालन अजय अवस्थी ने किया तथा प्रमोद मिश्रा ने आभार व्यक्त किया। अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। समारोह में संस्था के पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी और दिवंगत सदस्यों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
