CG NAVRATRI NEWS: नवरात्र के पहले दिन मां दंतेश्वरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब! 

Date:

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

CG Navratri News: A massive surge of devotion at the Maa Danteshwari Temple on the first day of Navratri!

 

 

CG NAVRATRI NEWS: ऐतिहासिक बस्तर दशहरा और शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन बस्तर अंचल के देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। माता के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धापूर्वक ज्योति प्रज्वलित की।

 

नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही पूरे बस्तर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के प्रमुख विधि-विधानों के अंतर्गत कलश स्थापना और जोगी बिठाई का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। बस्तर दशहरा की पारंपरिक धार्मिक परंपराओं और नवरात्र की पूजा-अर्चना ने पूरे अंचल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के बड़े भाई कुमार जयदेव ने मां दंतेश्वरी मां मावली मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता से बस्तर सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं को नवरात्र और बस्तर दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दंतेश्वरी सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि का संचार हो।

उन्होंने अपने छोटे भाई किरण सिंह देव के स्वास्थ्य के संबंध में बताया कि वे सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, लेकिन अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि किरण सिंह देव शीघ्र ही मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। कुमार जयदेव ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए भी माता से प्रार्थना की।

नवरात्र के प्रथम दिन मावली मंदिर में भी धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण रहा। यहां बस्तर धाकड़ क्षत्रीय राजपूत समाज के तत्वावधान में ज्योति कलश स्थापना का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में कुमार जयदेव भी शामिल हुए। उन्होंने माता के दरबार में पूजा-अर्चना कर आस्था की ज्योति प्रज्वलित की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

मावली मंदिर में ज्योति कलश स्थापना के साथ ही श्रद्धालुओं ने माता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी भीड़ और ज्योति प्रज्वलित करने की परंपरा ने बस्तर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।

मां दंतेश्वरी मंदिर के प्रधान पुजारी कृष्ण कुमार पाढ़ी ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का लगातार आगमन हो रहा है। भक्त माता के दर्शन कर रहे हैं, अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए संकल्प ले रहे हैं और आस्था की ज्योति प्रज्वलित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी से उनकी प्रार्थना है कि बस्तर अंचल सुख-समृद्धि और धन-धान्य से परिपूर्ण रहे तथा सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों। बस्तर दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यहां की समृद्ध परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। दशहरा के दौरान जहां विभिन्न पारंपरिक विधान संपन्न होते हैं, वहीं नवरात्र में देवी आराधना का विशेष महत्व रहता है।

नवरात्र के पहले दिन मां दंतेश्वरी और मावली मंदिर के अलावा बस्तर के विभिन्न देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। शीतला माता मंदिर सहित छोटे डोंगर, बड़े डोंगर और गिरोला स्थित मंदिरों में भी सुबह से ही भक्त दर्शन के लिए पहुंचते रहे।

श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की तथा मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की। नवरात्र के पहले दिन से ही बस्तर के धार्मिक स्थलों में दिखाई दे रही यह रौनक क्षेत्र की गहरी धार्मिक आस्था और परंपराओं के प्रति लोगों की श्रद्धा को दर्शाती है। इस अवसर पर बस्तर क्षेत्रिय धाकड़ राजपूत समाज के अध्यक्ष योगेश ठाकुर पीताम्बर ठाकुर मुरली सिंह देवेंद्र राठौर प्रकाश रावल रविन्द्र दास मनोज जंगम विवेक जैन धीरज मेहरा सहित समाज के महिलाएं भी उपस्थित थे

- Advertisement -
RADA Auto Expo Portal

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related