RAIPUR BUS FIRE : Bus fire sparks uproar! Employees say enough is enough.
रायपुर. रायपुर में मंत्रालय की बस में आग लगने के बाद कर्मचारियों का गुस्सा सामने आया। गुरुवार को कर्मचारी मंत्रालय के मेन गेट पर जुटे और बसों की हालत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाकर अपनी नाराजगी जताई।
बुधवार शाम मंत्रालय से करीब 35 कर्मचारियों को लेकर कबीर नगर जा रही बस में अचानक आग लग गई थी। बस के निचले हिस्से से धुआं उठने के कुछ ही देर बाद आग की लपटें निकलने लगीं। हालांकि सभी कर्मचारी समय रहते बस से बाहर निकल गए और बड़ा हादसा टल गया।
RAIPUR GANESH VISARJAN : गणेश विसर्जन कल से! रायपुर में ये रास्ते रहेंगे बंद
कर्मचारियों का आरोप है कि बस में आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर तक नहीं था। मंत्रालय परिसर से दो फायर एक्सटिंग्विशर लाकर आग बुझाने की कोशिश की गई, जिसके बाद दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
कर्मचारियों का कहना है कि बसों की खराब हालत और मेंटेनेंस को लेकर पहले भी अधिकारियों से शिकायत की गई थी। उनका कहना है कि कई बसों में बारिश के दौरान पानी टपकता है, सीटें भीगती हैं, दरवाजे ठीक से बंद नहीं होते और बसें रास्ते में खराब हो जाती हैं।
बताया गया है कि मंत्रालय कर्मचारियों के लिए चल रही बसें करीब 14 साल पुरानी हैं। 2012 में 98 बसों के संचालन का ठेका दिया गया था, जबकि फिलहाल 83 बसें संचालित हो रही हैं और पांच बसें पहले ही ऑफरोड हो चुकी हैं।
अब इस पूरे मामले में बड़ा अपडेट यह है कि एडिशनल कमिश्नर लोकेश्वर साहू के मुताबिक निगम ने बस सेवा बंद करने के लिए शासन को पत्र लिखा है। 31 अक्टूबर से इन बसों का संचालन बंद करने की बात कही गई है।
