RAIPUR GANESH VISARJAN : Ganesh immersion begins tomorrow! These roads in Raipur will remain closed.
रायपुर. रायपुर में गणेश विसर्जन को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। 25 सितंबर से प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा, लेकिन इस बार शहर के तालाबों में विसर्जन की अनुमति नहीं रहेगी।
बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन महादेवघाट के विसर्जन कुंड में होगा, जबकि छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर में 43 अस्थायी कुंड बनाए गए हैं। खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत दूसरे तालाबों में प्रतिमा विसर्जित करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
महादेवघाट में 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अफसर-कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। यहां गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड भी तैनात रहेंगे।
विसर्जन के दौरान 1 हजार से ज्यादा पुलिस जवान शहर में तैनात रहेंगे। महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भी तैनात रहेंगी।
इसके बाद 27 सितंबर को गणेश झांकियां निकलेंगी। झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती, लाखेनगर और सुंदरनगर होते हुए महादेवघाट पहुंचेगी।
लाखेनगर चौक से महादेवघाट रिंग रोड तक वन-वे रहेगा। झांकी के दौरान भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी और मालवाहक वाहनों को रायपुरा चौक पर रोका जाएगा।
पुलिस झांकी रूट और प्रमुख चौक-चौराहों पर ड्रोन से भी निगरानी करेगी। समितियों को तय रूट और समय का पालन करने, झांकी को बीच रास्ते अनावश्यक रूप से नहीं रोकने और नशे या हथियारों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
