RAIPUR FIRE NEWS : Huge fire in Bhanpuri factory, panic spread throughout the night!
रायपुर। राजधानी के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार देर रात गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पॉलीमर फैक्ट्री होने से तेजी से फैली आग
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पॉलीमर फैक्ट्री होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने पानी और फोम की मदद से लपटों पर काबू पाने की कोशिश की। आग बुझाने का अभियान पूरी रात चलता रहा और सुबह जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
कलेक्टर समेत वरिष्ठ अधिकारी रातभर डटे रहे
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। उनके साथ डीआईजी होमगार्ड एवं एसडीआरएफ तथा निदेशक अग्निशमन सेवाएं अजातशत्रु बहादुर सिंह भी मौजूद रहे।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नभसिंह कोसले और तहसीलदार राममूर्ति दीवान भी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने पूरी रात राहत और बचाव अभियान की निगरानी की। दमकल कर्मियों की लगातार मशक्कत के बाद सुबह आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारण और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


