RAIPUR ANALOGUE PANEER : 650 kg of fake paneer seized!
रायपुर. रायपुर में नकली पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बीरगांव में प्लाईवुड फैक्ट्री की आड़ में एनालॉग यानी नकली पनीर तैयार किए जाने की जानकारी के बाद खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान करीब 650 किलो पनीर जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि पनीर की यह खेप पिकअप वाहन से ओडिशा भेजी जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर विभाग की टीम ने जोरा मॉल के पास वाहन को रोककर तलाशी ली।
PM MODI PUTIN MEETING : मोदी ने पुतिन को दिया खास तोहफा!
तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में पनीर मिला। ड्राइवर से जब पनीर से जुड़े जरूरी दस्तावेज मांगे गए तो वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद विभाग ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक बीरगांव के ओमिया मार्केट स्थित पंछी डोर्स एंड प्लाईवुड फैक्ट्री के अंदर सांवलिया सेठ मिल्क एंड प्रोडक्ट के नाम से पनीर तैयार किया जा रहा था। अब विभाग फैक्ट्री में पनीर बनाने की प्रक्रिया, इस्तेमाल होने वाली सामग्री और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक लैब रिपोर्ट एक-दो दिन में आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि रायपुर में पिछले एक महीने में अमानक या एनालॉग पनीर के खिलाफ पांच कार्रवाई हो चुकी हैं। इनमें तीन मामलों की रिपोर्ट आ चुकी है। दो मामलों में पनीर अमानक मिला, जबकि एक मामले में पनीर तय मानकों के अनुरूप पाया गया। दो मामलों की रिपोर्ट अभी बाकी है।
PM AWAS DEBATE : भूपेश ने स्वीकार की विजय की चुनौती!
छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध की घोषणा 31 जुलाई को राजपत्र में प्रकाशित हो चुकी है। इसके बाद खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने ऐसे उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
