PUTIN INDIA VISIT: विश्व राजनीति में बढ़ते तनावों के बीच भारत और रूस की रणनीतिक साझेदारी एक बार फिर मजबूत होती दिखाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हैदराबाद हाउस में हुई मुलाकात ने दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई दी है। दोनों नेताओं की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए 23वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन में आर्थिक, सामरिक और ऊर्जा सहयोग पर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
सम्मेलन के बाद जारी संयुक्त बयान में 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया। तेल और गैस की निर्बाध आपूर्ति का रूस ने आश्वासन दिया, जबकि भारत ने आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर जोर दिया। दोनों देशों के बीच 16 समझौतों और 4 महत्वपूर्ण घोषणाओं पर भी मुहर लगी।
इसमें श्रमिकों की कानूनी आवाजाही, कुशल भारतीय वर्कफोर्स की रूस में मांग, उर्वरक प्लांट की स्थापना, सीमा शुल्क सहयोग और औद्योगिक विकास जैसे मुद्दे शामिल हैं। रूस में IT और अन्य सेक्टरों में प्रशिक्षित भारतीय कार्यबल की जरूरत को देखते हुए यह सहयोग अहम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति पुतिन ने गुरुवार रात पीएम मोदी के आधिकारिक निवास पर रात्रिभोज में लंबी बातचीत की। इसके बाद शुक्रवार को हैदराबाद हाउस में दोनों नेताओं ने लगभग ढाई घंटे तक विस्तृत वार्ता की। इससे पहले पुतिन ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रपति भवन में उन्हें राजकीय सम्मान दिया गया।
आतंकवाद के मुद्दे पर स्पष्ट संदेश
दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस की नीति पर सहमति जताई। संयुक्त बयान में पहलगाम और मास्को के क्रोकस सिटी हॉल हमले की निंदा की गई। भारत और रूस ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के संयुक्त संघर्ष की बात दोहराई।
रक्षा सहयोग पर चर्चा, गोपनीयता बरकरार
रक्षा सौदों पर विस्तृत चर्चा हुई, हालांकि किसी नए हथियार या मिसाइल प्रणाली की खरीद की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई। इससे पहले रक्षा मंत्रियों के बीच भी अलग से बैठक हुई थी।
भारत-रूस के बीच इस नई प्रगाढ़ता को पीएम मोदी ने इस तरह बयान किया—
“अनेक वैश्विक संकटों के बीच भी भारत-रूस की मित्रता ध्रुव तारे की तरह स्थिर रही है।” राष्ट्रपति पुतिन ने भी भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था के अनुसार ऊर्जा आपूर्ति बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों देशों की यह रणनीतिक साझेदारी एक बार फिर दुनिया के सामने मिसाल पेश कर रही है।
