RAIPUR SOLAR CITY : Nava Raipur will become the state’s first solar city – PM Modi
रायपुर, 01 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नवा रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा “हमारे यहां कहा जाता है कि आचरण ही सबसे बड़ा धर्म, तप और ज्ञान है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि नवा रायपुर को प्रदेश की पहली “सोलर-सिटी” बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाला छत्तीसगढ़ हरित ऊर्जा, विकास और आध्यात्मिकता का संगम बनेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अनावरण के लिए रवाना हुए। इसके बाद वे नए विधानसभा भवन और डिजिटल जनजातीय संग्रहालय का उद्घाटन भी करेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नवा रायपुर के सत्य साईं हॉस्पिटल में 2,500 बच्चों से मुलाकात की, ये वही बच्चे थे जिनकी हृदय सर्जरी इसी अस्पताल में हुई थी। इस दौरान मोदी ने एक बच्चे को गले लगाकर भावुक पल साझा किया।
राज्य स्थापना दिवस पर मोदी ने कहा –
“आज छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड के साथ-साथ देश के कई राज्य अपनी स्थापना का 25वां वर्ष मना रहे हैं। मैं सभी राज्यों के निवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”

