Naxal News: Encounter between security forces and Naxals; Naxal carrying a bounty of ₹5 lakh killed.
Naxal Encounter : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में पुलिस और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक इनामी नक्सली मारा गया है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने हथियार और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के अनुसार, पोलमपल्ली क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।
मारे गए नक्सली की पहचान मूचाकी कैलाश के रूप में हुई है, जो प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मूचाकी कैलाश नागरिकों की हत्या, सुरक्षाबलों पर हमले और IED ब्लास्ट की साजिश जैसे गंभीर वारदातों में शामिल था।
आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने माओवादी कैडरों से अपील की है कि वे आत्मसमर्पण और पुनर्वास की सरकारी योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अब यह अवसर अपने अंतिम चरण में है और इसके बाद कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई केंद्र और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 31 मार्च 2026 की डेडलाइन से ठीक पहले हुई है, जिसे नक्सल विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

