रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार से फिर से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के लिए रवाना हो रहे हैं। सीएम भूपेश बघेल की आज कबीरधाम जिले में झलमला और सहसपुर लोहारा में चौपाल लगेगी। उसके बाद मुख्यमंत्री कवर्धा आएंगे जहां शबरी नदी पर बने नए पुल का लोकार्पण होना है। देर शाम कवर्धा पीजी कॉलेज में एक सामाजिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री शामिल होने वाले हैं। आज से फिर भेंट-मुलाकात,कवर्धा विधानसभा के झलमला और सहसपुर-लोहारा में लगेगी चौपाल, शबरी नदी पर नए पुल का करेंगे लोकार्पण तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल10 अक्टूबर को रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से सुबह 11.30 बजे भेंट-मुलाकात के लिए रवाना होंगे। सबसे पहले उनका हेलीकॉप्टर बोड़ला विकासखंड के झलमला गांव में उतरेगा। वहां स्कूल आदि देखने के बाद मुख्यमंत्री स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा करेंगे। दोपहर बाद वहां से उनका हेलीकॉप्टर सहसपुर-लोहारा पहुंचेगा। वहां भी विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण, मुलाकात के बाद चौपाल में चर्चा होगी। मुख्यमंत्री रात को कवर्धा में ही रहेंगे।
मंगलवार को 122 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
बताया जा रहा है, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार की सुबह कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के लिए 122 करोड़ रुपए से अधिक के 128 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। बाद में वे अफसरों के साथ योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।
