CG HUMAN TRAFFICKING : Raids on 10 locations! Human trafficking network exposed in Mahasamund
महासमुंद. महासमुंद में मानव तस्करी और कथित बंधुआ मजदूरी के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा में जुड़े 10 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा।
छापेमारी में 1 करोड़ 48 लाख 54 हजार 750 रुपये नकद मिले। इसके अलावा मजदूर पलायन के रजिस्टर-डायरियां, मोबाइल, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मॉर्गेज दस्तावेज और नोट गिनने की मशीन भी जब्त की गई।
पुलिस ने मुकेश चंद्राकर, लता सवर, नंदू मोहंती, पीयूष अग्रवाल और मनीष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश चंद्राकर को नेटवर्क का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
पुलिस का आरोप है कि गरीब परिवारों और मजदूरों को एडवांस रकम का लालच देकर दूसरे राज्यों में ईंट भट्ठों और अन्य जगहों पर काम के लिए भेजा जाता था। जांच में मजदूरों पर दबाव और उनकी आवाजाही नियंत्रित किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
मामले की शुरुआत 21 सितंबर को अस्पताल से मिले एक मेमो के बाद हुई, जिसमें एक नाबालिग के शोषण और गर्भवती होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और कथित मानव तस्करी नेटवर्क के सुराग मिले।
अब पुलिस जब्त मोबाइल, बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच कर रही है। नाबालिगों की तस्करी, बाल मजदूरी और महिलाओं व नाबालिग बालिकाओं के कथित शोषण के पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
