ADIVASI JANJATI DEBATE : Political turmoil over tribal issues, Kiran Dev questions Congress
रायपुर। आदिवासी और जनजाति शब्द को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब दोनों एक ही समाज का हिस्सा हैं, तो इनके बीच अंतर क्यों किया जा रहा है?
शनिवार को रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किरणदेव ने कहा कि बस्तर में हर 20-25 किलोमीटर पर अलग-अलग जनजातीय समुदाय मिलते हैं। उनकी भाषा, बोली, खान-पान और पहनावा अलग हो सकता है, लेकिन सभी जनजाति समाज का हिस्सा हैं। ऐसे में आदिवासी और जनजाति को अलग-अलग बताकर भेदभाव क्यों किया जा रहा है?
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी करीब 50-55 साल तक केंद्र की सत्ता में रही, लेकिन जनजातीय समाज के विकास के लिए अलग मंत्रालय तक नहीं बनाया। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि इतने लंबे शासनकाल में समाज के उत्थान के लिए उसने क्या किया?
किरणदेव ने दावा किया कि बीजेपी सरकार जनजातीय समाज के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं चला रही है। इनमें धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान भी शामिल है।
उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, वीर गुंडाधुर और शहीद वीर नारायण सिंह जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस उनके सम्मान का अवसर है।
15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा।


