JANJATIYA GAURAV DIWAS 2026 : 50 thousand people will gather in Dharamjaigarh, big leaders will be on the stage!
रायगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी सहित कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।
आयोजन में प्रदेशभर से 50 हजार से अधिक जनजातीय समाज के लोगों के पहुंचने का अनुमान है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद नितिन नवीन का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इसलिए इस कार्यक्रम को राजनीतिक और संगठनात्मक लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक आठ दिवसीय जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग जिलों और मंडलों में कार्यक्रम हो रहे हैं। धरमजयगढ़ में होने वाले मुख्य समारोह में जनजातीय नायकों के संघर्ष, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और आदिवासी संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी।
कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के साथ शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे जनजातीय नायकों को भी याद किया जाएगा। विभिन्न सरकारी विभागों के प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आयोजन स्थल का निरीक्षण कर चुकी हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी और जिला प्रशासन भी मंच, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और आवागमन जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर चुके हैं।
अब नजर इस बड़े आयोजन पर रहेगी कि जनजातीय समाज के मुद्दों और विकास से जुड़े सवालों को मंच पर कितनी जगह मिलती है।


