DURG CYBER FRAUD : 14 arrested for cyber fraud after being lured for Rs 5,000 to Rs 15,000!
दुर्ग। साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 लोगों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन लेकर अपने और दूसरों के बैंक खाते साइबर ठगों को देते थे। इसके साथ ही पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और बैंक खातों से जुड़े मोबाइल सिम भी सौंप देते थे।
पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग आम लोगों से ठगी की रकम इन खातों में जमा कराते थे। इसके बाद पैसे को कई खातों में ट्रांसफर कर असली स्रोत छिपाने की कोशिश की जाती थी। जांच में संबंधित खातों से लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जामुल और पद्मनाभपुर पुलिस ने ACCU के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। बैंक खातों की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
जामुल थाने के मामले में तीन खाताधारक गिरफ्तार हुए हैं, जबकि पद्मनाभपुर के मामले में नौ खाताधारक और दो एजेंट पकड़े गए हैं। इस तरह दोनों मामलों में कुल 14 गिरफ्तारियां हुई हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन, सिम और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। अब पुलिस इन खातों में हुए लेन-देन और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका खंगाल रही है।


