KAMDHENU UNIVERSITY DURG : Major change in Kamdhenu University, Registrar removed from service!
रायपुर। दुर्ग स्थित दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ढांचे में राज्य सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। वर्तमान कुलसचिव डॉ. भानुप्रताप राठिया को पद से हटाकर संचालनालय, पशु चिकित्सा सेवाएं भेज दिया गया है। वहीं, डॉ. अशोक कुमार पटेल को विश्वविद्यालय का नया कुलसचिव बनाया गया है।
पशुधन विकास विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, डॉ. भानुप्रताप राठिया को संचालनालय, पशु चिकित्सा सेवाएं छत्तीसगढ़ में संयुक्त संचालक के रिक्त पद पर अस्थाई तौर पर आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है।
वहीं, छत्तीसगढ़ राज्य पशु चिकित्सा परिषद, रायपुर में पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ के पद पर कार्यरत डॉ. अशोक कुमार पटेल को दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग का नया कुलसचिव नियुक्त किया गया है। उनकी पदस्थापना भी अस्थाई तौर पर आगामी आदेश तक की गई है।
यह आदेश महानदी भवन स्थित मंत्रालय से अवर सचिव नूतन अजागर के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। आदेश के साथ ही विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी अब डॉ. अशोक कुमार पटेल संभालेंगे।
सरकार के इस फैसले से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव हो गया है। हालांकि, आदेश में इस फेरबदल की कोई वजह नहीं बताई गई है।


