CG NEWS : 7 new roads approved in the district on the initiative of MP Santosh Pandey
कबीरधाम. कबीरधाम जिले के लिए अच्छी खबर आई है। राजनांदगांव–कवर्धा लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय के लगातार प्रयासों का नतीजा एक बार फिर सामने आया है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जिले में 7 नई सड़कों को मंजूरी मिल गई है। इनमें बोड़ला ब्लॉक में 6 और पंडरिया ब्लॉक में 1 सड़क शामिल है।
सांसद संतोष पांडेय ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया है।
48 सड़कें पहले ही मिली थीं, अब 7 और जुड़ीं
सांसद पांडेय हाल ही में लोकसभा में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठा चुके हैं और जिले के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही उनके प्रयास से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत जिले में 48 सड़कों को मंजूरी मिली थी। इसके बाद पीएम जनमन योजना के तहत 7 और सड़कें जुड़ जाने से लोगों में खुशी है।
इन 7 सड़कों की कुल लंबाई 17.70 किमी होगी और इन पर करीब 14.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़कें बन जाने से 7 बसावटों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और आम लोगों की आवाजाही काफी आसान हो जाएगी।
कौन-कौन सी सड़कें स्वीकृत हुईं?
विकासखंड बोड़ला में :
मुख्य मार्ग से भोथी
खरिया मुख्य मार्ग से नयापारा
बोदा 47 से गर्रा
मुख्य मार्ग से नेवराटोला
मुख्य मार्ग से खिलाही (बालसमुंद)
पांडातराई मुख्य मार्ग से कोकड़दाखार (बीचपारा)
विकासखंड पंडरिया में :
गोरखपुर से नुनमट्टीटोला
दिल्ली में मंत्री से मुलाकात कर जताया आभार
इन स्वीकृतियों के बाद सांसद संतोष पांडेय ने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और जिले के विकास कार्यों को हरी झंडी देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
उनकी अनुशंसा पर मिली 48 + 7 = कुल 55 सड़कों की मंजूरी से जिले के ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने वाला है।

