IPS LOVE STORY : Bishnoi and Anshika’s wedding
नई दिल्ली। यूपी कैडर के दो चर्चित आईपीएस अधिकारियों की लव स्टोरी अब शादी तक पहुंच गई है। संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली में तैनात आईपीएस अंशिका वर्मा मार्च 2026 में राजस्थान में शादी करने जा रहे हैं।
दोनों की शादी की रस्में 27 मार्च से बाड़मेर में शुरू होंगी, जबकि जोधपुर में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।
दरअसल, दोनों की मुलाकात गोरखपुर में हुई थी। उस समय कृष्ण कुमार बिश्नोई एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि 2021 बैच की आईपीएस अंशिका वर्मा वहां एएसपी के रूप में पोस्टेड थीं। यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया।
कृष्ण कुमार बिश्नोई को सख्त और तेजतर्रार अफसरों में गिना जाता है। संभल में अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई और हिंसा पर तुरंत काबू पाने के लिए उन्हें 2025 में मुख्यमंत्री मेडल से सम्मानित किया गया था।
उनकी पढ़ाई भी काफी चर्चित रही है। बिश्नोई ने फ्रांस के पेरिस स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा में मास्टर डिग्री ली है। आईपीएस बनने से पहले वह संयुक्त राष्ट्र में करीब 30 लाख रुपये सालाना पैकेज की नौकरी कर रहे थे, जिसे छोड़कर उन्होंने सिविल सेवा का रास्ता चुना।
वहीं आईपीएस अंशिका वर्मा सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय मानी जाती हैं और उन्हें कई लोग ‘लेडी सिंघम’ के नाम से भी जानते हैं। अब दोनों की शादी की खबर सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।

