ICC T20 WORLD CUP : Must come to India!
नई दिल्ली। T20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश की मांग पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा और सख्त फैसला सुना दिया है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट खेलने के लिए भारत आना ही होगा। अगर बांग्लादेश की टीम भारत नहीं आई, तो अंक काटे जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को यह भी बता दिया गया है कि सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत से बाहर मैच कराने की मांग मंजूर नहीं की जा सकती। हालांकि, बीसीबी का दावा है कि उन्हें अभी तक इस फैसले की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
क्या है पूरा विवाद?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। यह फैसला बीसीसीआई ने घरेलू विरोध के बाद लिया था। दरअसल, बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित अत्याचार को लेकर भारत में नाराजगी थी और रहमान को 9 करोड़ से ज्यादा में खरीदे जाने का विरोध हुआ था।
बांग्लादेश का सख्त रुख
बीसीसीआई के फैसले के बाद बांग्लादेश सरकार भी इस मुद्दे में कूद पड़ी। भारत में 7 फरवरी से शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप के बहिष्कार की धमकी दी गई। बीसीबी ने आईसीसी को पत्र लिखकर भारत में मैच खेलने से इनकार किया और मैचों को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की। वजह बताई गई, खिलाड़ियों की सुरक्षा।
इतना ही नहीं, बांग्लादेश में आईपीएल प्रसारण पर भी रोक लगा दी गई।
ICC का दो टूक फैसला
अब आईसीसी ने दो टूक कह दिया है कि वर्ल्ड कप भारत में ही होगा और बांग्लादेश को इसमें हिस्सा लेना ही पड़ेगा। अगर टीम ने खेलने से इनकार किया, तो सीधे अंक कटेंगे। यानी बांग्लादेश के पास अब कोई विकल्प नहीं, भारत आकर खेलना ही होगा।
