HEALTH DEPARTMENT ALERT: HMPV virus outbreak, health department in Chhattisgarh on alert mode…
रायपुर। चीन से शुरू हुआ HMPV (ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस) वायरस अब भारत में भी फैल चुका है, जिसके बढ़ते मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य भी अलर्ट मोड पर है। इस वायरस से निपटने के लिए आज स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में मंत्रालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने वायरस के प्रसार को रोकने के लिए रणनीति तैयार की और उपचार के लिए दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि HMPV वायरस कोरोना वायरस जैसा नहीं है, हालांकि इसके लक्षण कुछ हद तक मिलते-जुलते हैं। उन्होंने बताया कि इस वायरस से घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है। वायरस से प्रभावित होने के लक्षणों के आधार पर गाइडलाइंस तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए जो हाई रिस्क जोन में आते हैं।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, DHS प्रियंका शुक्ला, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
HMPV वायरस के लक्षण :
वयस्कों में : हल्के सर्दी-जुकाम, गले में खराश, खांसी, नाक बंद होना, हल्का बुखार, थकान।
बच्चों में : बुखार, नाक बंद होना, खांसी, सांस लेने में कठिनाई, छाती का चलना, गंभीर मामलों में निमोनिया या ब्रोंकियोलाइटिस।
विशेषज्ञों का कहना है कि वायरस से बचाव के लिए भीड़-भाड़ से बचें, सर्दी-खांसी वाले लोगों से दूर रहें, हाथों को धोते रहें और बीमार होने पर घर पर रहें।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एचएमपी वायरस के मामलों के प्रसार को रोकने के लिए पूरे प्रदेश में तैयारी कर ली है और गाइडलाइंस लागू की जा रही हैं।
