POLICE CHOWKI BLAST : Huge explosion in police post, what happened inside?
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाने की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। चौकी की दो खिड़कियां टूट गईं और दीवार में भी दरार आ गई। इस घटना में एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान ईशान के रूप में हुई है। वह ग्रॉसरी की डिलीवरी देने पुलिस चौकी पहुंचा था। इसी दौरान धमाका हुआ और खिड़की का कांच उसके सिर में लग गया। उसे चोट आई है, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शुरुआती जांच में चौकी के अंदर रखे जब्त पटाखों में आग लगने या एसी में ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, धमाके की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। उत्तर प्रदेश एटीएस की टीम भी जांच के लिए पहुंची है। अधिकारियों ने चौकी का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि धमाका किस वजह से हुआ।


