शारदीय नवरात्रि का पहला दिन, ऐसे करें मां शैलपुत्री की पूजा

Date:

  • आज से शारदीय नवरात्रि 2022 प्रारंभ
  • मां शैलपुत्री की होगी आज पूजा
  • ऐसा है मां शैलपुत्री का स्वरूप
  • ऐसे करें मां शैलपुत्री की पूजा
  • घट स्थापना का शुभ मुहूर्त

शारदीय नवरात्रि आज से शुरू हो रहे हैं और घट स्थापना के बाद मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की जाएगी। आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, पार्वती पर्वतराज हिमालय की पुत्री हैं और मां के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा देवी के मंडपो में पहले नवरात्र के दिन होती है। शैल का अर्थ है हिमालय और पर्वतराज हिमालय के यहां जन्म लेने के कारण इनका नाम शैलपुत्री पड़ा। पार्वती के रूप में इनको भगवान शिव के पत्नी के रूप में भी जाना जाता है। आइए आपको बताते हैं मां शैलपुत्री की पूजाविधि, मंत्र और भोग के बारे में विस्‍तार से…

ऐसा है मां शैलपुत्री का स्वरूप
माता शैलपुत्री का स्वरूप बेहत शांत और सरल है। माता के एक हाथ में त्रिशूल और दूसरे में कमल शोभा दे रहा है। मां अपने नंदी नामक बैल पर सवार होकर संपूर्ण हिमालय पर विराजमान हैं इसलिए माता शैलपुत्री को वृषोरूढ़ा और उमा के नाम से भी जाना जाता है। यह वृषभ वाहन शिवा का ही स्वरूप है और शैलपुत्री समस्त वन्य जीव-जंतुओं की रक्षक भी हैं। माता शैलपुत्री ने घोर तपस्या करके ही भगवान शिव को प्रसन्न किया था। शैलपुत्री के अधीन वे समस्त भक्तगण आते हैं, जो योग, साधना-तप और अनुष्ठान के लिए पर्वतराज हिमालय की शरण लेते हैं। मां अपने भक्तों की हमेशा मनोकामना पूरी करती हैं।

ऐसे करें मां शैलपुत्री की पूजा
शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन ब्रह्ममुहूर्त में उठकर स्नानादि से निवृत स्वच्छ वस्त्र धारण करें और फिर चौकी को गंगाजल से साफ करके मां दुर्गा की मूर्ति या फोटो स्थापित करें। पूरे परिवार के साथ विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की जाती है। घट स्थापना के बाद मां शैलपुत्री का ध्यान करें और व्रत का संकल्प लें। माता शैलपुत्री की पूजा षोड्शोपचार विधि से की जाती है। इनकी पूजा में सभी नदियों, तीर्थों और दिशाओं का आह्वान किया जाता है। इसके बाद माता को कुमकुम और अक्षत लगाएं। इसके बाद सफेद, पीले या लाल फूल माता को अर्पित करें। माता के सामने धूप, दीप जलाएं और पांच देसी घी के दीपक जलाएं। इसके बाद माता की आरती उतारें और फिर शैलपुत्री माता की कथा, दुर्गा चालिसा, दुर्गा स्तुति या दुर्गा सप्तशती आदि का पाठ करें। इसके बाद परिवार समेत माता के जयकारे लगाएं और भोग लगाकर पूजा को संपन्न करें। शाम के समय में भी माता की आरती करें और ध्यान करें।

घट स्थापना का मुहूर्त
नवरात्र में इस बार कलश स्थापना के लिए 2 शुभ मुहूर्त हैं। नवरात्र से पहले बारिश संकेत दे रही कि इस बार मां दुर्गा का आगमन हाथी पर हो रहा है। पंडितों का मानना है कि हाथी पर मां दुर्गा का आगमन धन-धान्य में बढ़ोतरी करता है। ज्योतिषाचार्यों ने बताया कि सोमवार को घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:11 से 7:51 तक रहेगा। इसके बाद अभिजित मुहूर्त में भी घटस्थापना की जा सकती है। सुबह 11:48 से दोपहर 12:36 तक अभिजित मुहूर्त रहेगा। इस बार नवरात्र शुक्ल व ब्रह्म योग के अद्भुत संयोग में शुरू हो रहा है, जिसका फल उत्तम मिलता है। ज्योतिष के अनुसार, बारिश संकेत दे रही है कि नवरात्र में मां हाथी पर सवार होकर आएंगी। इससे अच्छी बारिश होगी और फसल भी अच्छी होगी। हर साल शारदीय नवरात्रि पर मां दुर्गा का आगमन विशेष तरीके से होता है। रविवार व सोमवार को हाथी पर, शनि व मंगलवार को घोड़े पर, बृहस्पति व शुक्रवार को डोले पर तथा बुधवार को नाव पर मां दुर्गा आती हैं। घोड़े पर आने से राजाओं में युद्ध होता है। नाव पर आने से सब कार्यों में सिद्ध मिलती है। डोले पर आती हैं तो उस वर्ष अनेक कारणों से बहुत लोगों की मृत्यु होती है।

माता को प्रिय हैं ये चीजें
पर्वतराज हिमालय की पुत्र होने के कारण माता की पूजा और भोग में सफेद चीजों का ज्यादा प्रयोग करें। माता को सफेद फूल और सफेद वस्त्र ही अर्पित करें। इसके साथ ही माता को सफेद मिष्ठान का ही भोग लगाएं। माता शैलपुत्री की पूजा करने से कुंवारी कन्याओं को सुयोग्य वर की प्राप्ति होती है और घर में धन-धान्य की कमी नहीं होती है। माता के इस स्वरूप को जीवन में स्थिरता और दृढ़ता का प्रतीक माना जाता है। शैल का अर्थ होता है पत्‍थर और पत्‍थर को सदैव अडिग माना जाता है।

मां शैलपुत्री के पूजा मंत्र
मां शैलपुत्री का मंत्र इस प्रकार है…

वन्दे वांछितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखरम्।
वृषारूढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्।।
पूणेन्दु निभां गौरी मूलाधार स्थितां प्रथम दुर्गा त्रिनेत्राम्॥
पटाम्बर परिधानां रत्नाकिरीटा नामालंकार भूषिता॥

प्रफुल्ल वंदना पल्लवाधरां कातंकपोलां तुंग कुचाम् ।
कमनीयां लावण्यां स्नेमुखी क्षीणमध्यां नितम्बनीम् ॥

या देवी सर्वभूतेषु शैलपुत्री रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै नमो नम:।

ओम् शं शैलपुत्री देव्यै: नम:।

माता शैलपुत्री की आरती
मां शैलपुत्री की आरती शैलपुत्री मां बैल पर सवार। करें देवता जय जयकार।

शिव शंकर की प्रिय भवानी। तेरी महिमा किसी ने ना जानी।

पार्वती तू उमा कहलावे। जो तुझे सिमरे सो सुख पावे।

ऋद्धि-सिद्धि परवान करे तू। दया करे धनवान करे तू।

सोमवार को शिव संग प्यारी। आरती तेरी जिसने उतारी।

उसकी सगरी आस पुजा दो। सगरे दुख तकलीफ मिला दो।

घी का सुंदर दीप जला के। गोला गरी का भोग लगा के।

श्रद्धा भाव से मंत्र गाएं। प्रेम सहित फिर शीश झुकाएं।

जय गिरिराज किशोरी अंबे। शिव मुख चंद्र चकोरी अंबे।

मनोकामना पूर्ण कर दो। भक्त सदा सुख संपत्ति भर दो।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related

RAIPUR POST OFFICE SCAM : 20 करोड़ डाक घोटाला CBI को?

RAIPUR POST OFFICE SCAM : 20 crore postal scam...

RAIPUR BULDOZER ACTION : लालपुर में गरजा बुलडोजर!

RAIPUR BULDOZER ACTION : Bulldozer roared in Lalpur! रायपुर. राजधानी...