CG CONTROVERSY : Pressure from the government in traffic checking!
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि शराब पीकर गाड़ी चला रहे एक चालक पर कार्रवाई कर रही पुलिस टीम से जिला पंचायत सदस्य के पति ने विवाद कर दिया और हंगामा मचा दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक 11 मार्च की रात दुर्ग यातायात पुलिस पुलगांव चौक में वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान वेगनआर कार चालक तुलसीराम को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने जब ब्रीथ एनालाइजर से जांच की तो चालक शराब के नशे में मिला और पुलिस टीम उस पर कार्रवाई करने लगी।
इसी दौरान कोलिहापुरी निवासी ज्ञानेश्वर मिश्रा उर्फ विक्की मिश्रा अपनी पत्नी जिला पंचायत सदस्य आशा मिश्रा के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में दखल देते हुए शराबी चालक को अपना आदमी बताया और उसे छोड़ने का दबाव बनाने लगे।
जब पुलिस ने नियम के तहत कार्रवाई की बात कही तो मामला और बढ़ गया। आरोप है कि विक्की मिश्रा ने ट्रैफिक प्रभारी और पुलिस स्टाफ से बहस शुरू कर दी और मौके पर मौजूद एक आरक्षक से धक्का-मुक्की करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दे दी।
बताया जा रहा है कि इस हंगामे के बीच शराबी चालक कार लेकर मौके से भाग गया, जिसके कारण पुलिस मोटर व्हीकल एक्ट के तहत पूरी कार्रवाई नहीं कर सकी। इस मामले में ट्रैफिक प्रभारी पी.डी. चंद्रा की शिकायत पर पुलगांव थाने में विक्की मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

