CG POLICE ACTION : Imran Khan arrested for objectionable post on Brahmins
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वाले आरोपी इमरान खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ‘रितेश कुमार साह’ नामक व्यक्ति की पोस्ट को अपने फेसबुक पर शेयर किया था, जिसमें ब्राह्मणों को लेकर बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें लिखी गई थीं।
पोस्ट वायरल होने के बाद सरयुपारीण ब्राह्मण समाज ने भिलाई सेक्टर-6 कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। समाज ने कहा कि यह पोस्ट भावनाएं आहत करने वाली और समुदाय को अपमानित करने वाली है। शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत इमरान खान की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, साथ ही उसके फेसबुक अकाउंट से विवादित पोस्ट हटवा दिया गया है।
ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ दिनों पहले दिल्ली में चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर ब्राह्मणों को ‘यूरेशिया’ और ‘गद्दार’ कहकर बदनाम करने वाली पोस्ट लगातार वायरल हो रही हैं। इसी तरह भिलाई के इमरान खान ने भी ऐसी ही पोस्ट शेयर की थी। समाज ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और मांग की है कि भविष्य में भी ऐसे भड़काऊ कंटेंट शेयर करने वालों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए।

