RAIPUR SEXUAL ABUSE : Young man kidnapped, sexually assaulted and then threatened with extortion
रायपुर। राजधानी में एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जिसमें रामानुजगंज का एक युवक, जो सूरत (गुजरात) मजदूरी करने जा रहा था, अपहरण, मारपीट और यौन शोषण का शिकार बन गया। पीड़ित युवक रेलवे स्टेशन पहुंचा था, तभी आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा धृतलहरे ने उसे बस पकड़ाने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया और रायपुर से दूर एक सुनसान जगह स्थित घर ले गया, जहां उसे बंधक बना लिया गया।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने कमरे में बंद कर मारपीट की और जबरन अप्राकृतिक कृत्य किया। इसके बाद उसने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर पीड़ित के परिजनों को भेजा और डेढ़ लाख रुपये रंगदारी की मांग की।
भयभीत युवक किसी तरह वहां से भाग निकला और अपने गृह क्षेत्र में परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद रामानुजगंज पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला रायपुर विधानसभा थाना को भेजा।
विधानसभा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाना, मारपीट, अप्राकृतिक कृत्य, धमकी देना और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी गोविंद को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह लोगों को निशाना बनाता था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।

