CG TIRANGA YATRA: Dharsiwa became tricolor, Shaurya Yatra passed through 20 villages!
CG TIRANGA YATRA: धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। ‘एक कदम देश के नाम’ के संकल्प के साथ निकाली गई बाइक रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए। विधायक अनुज शर्मा ने विधानसभा चौक से राष्ट्रीय ध्वज लहराकर यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा स्वयं बाइक पर सवार होकर और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा
विधानसभा चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा बरोदा, भुरकोनी, मांढ़र, सिलतरा, चरौदा, धरसींवा, कुंरा, देवरी, मनोहरा, कुथरेल, मलौद, कुरुद, सिलयारी, बरतोरी, खौना, कुर्रा, बंगोली, मुरा और मोहरेंगा होते हुए नगर पंचायत खरोरा पहुंची। यात्रा के मार्ग में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, आरती और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया।
यात्रा के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान और अमर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग वीरता, सफेद रंग शांति और हरा रंग खुशहाली का संदेश देता है, जबकि अशोक चक्र निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि धरसींवा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा को मिले जनसमर्थन ने राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को प्रदर्शित किया है। यह यात्रा अमर बलिदानियों के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक है।
विधायक ने कहा कि भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से देश और प्रदेश की उन्नति के लिए ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने रैली में शामिल कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
