MP Brijmohan Agrawal: Submitted a letter to the Union Minister regarding the expansion of air services at Raipur and Bilaspur airports!
MP BRIJMOHAN AGRAWAL: रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं और विमानन अधोसंरचना के विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
अग्रवाल ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने की मांग की। इसके साथ ही बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपा।
सांसद ने रायपुर एयरपोर्ट को जल्द अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने और यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ की देश और दुनिया से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार, उद्योग, निवेश, पर्यटन तथा रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।

बृजमोहन अग्रवाल ने बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को 3C से 4C श्रेणी में उन्नत करने के लिए ₹300 करोड़ के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की।
उन्होंने बताया कि यह एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ के 14 जिलों और मध्यप्रदेश के 3 समीपवर्ती जिलों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण हवाई सुविधा का केंद्र है।
अग्रवाल ने दोनों प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हवाई अधोसंरचना का विस्तार केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के आर्थिक विकास और नए निवेश के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
