CHHATTISGARH : Congress taunts on paddy scam, takes out ‘rat procession’ in Durg
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में सरकारी धान भंडारण केंद्रों से करोड़ों रुपये के धान के गायब होने के मामले को लेकर कांग्रेस ने दुर्ग में अनोखे अंदाज़ में विरोध दर्ज कराया। सरकार द्वारा धान गायब होने की वजह ‘चूहों’ को बताए जाने पर कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रतीकात्मक रूप से ‘चूहों की बारात’ निकालकर जोरदार तंज कसा।
यह विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में हुआ, जिसमें पूर्व विधायक अरुण वोरा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। चूहों के वेश में सजे कार्यकर्ताओं की झांकी ने आम लोगों का ध्यान खींचा और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
राकेश ठाकुर ने कहा कि धान किसानों की मेहनत की कमाई है। इसे चूहों के खाते में डालना भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार को छुपाने की कोशिश है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि अगर सच में चूहे इतने ताकतवर हैं कि करोड़ों का सरकारी अनाज खा गए, तो फिर भंडारण व्यवस्था, निगरानी तंत्र और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय क्यों नहीं की जा रही।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर धान घोटाले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर कार्यालय के आसपास पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

