AKSHAYE KHANNA CONTROVERSY : Akshaye Khanna left “Drishyam 3” due to his insistence on a wig.
मुंबई। ‘दृश्यम 3’ की अनाउंसमेंट के बाद से ही फिल्म को लेकर जबरदस्त बज़ बना हुआ है। मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट 2 अक्टूबर 2026 भी फाइनल कर दी थी, लेकिन इसी बीच अक्षय खन्ना के फिल्म छोड़ने की खबर ने सबको चौंका दिया। अब इस पूरे विवाद पर प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने खुलकर बात की है।
कुमार मंगत पाठक ने बताया कि अक्षय खन्ना के साथ एग्रीमेंट साइन हो चुका था और फीस भी लंबी बातचीत के बाद तय की गई थी। लेकिन अक्षय की एक खास डिमांड ने पूरा मामला बिगाड़ दिया। अक्षय चाहते थे कि वे फिल्म में विग पहनें, जबकि डायरेक्टर अभिषेक पाठक का मानना था कि यह सीक्वल की कंटीन्यूटी खराब करेगा।
पहले अक्षय ने इस बात को समझते हुए अपनी डिमांड वापस ले ली, लेकिन बाद में उनके करीबी लोगों ने उन्हें फिर से विग पहनने की सलाह दी। इसके बाद अक्षय ने दोबारा वही शर्त रख दी। डायरेक्टर इस पर चर्चा के लिए तैयार भी हो गए थे, लेकिन अचानक अक्षय ने फिल्म छोड़ने का फैसला सुना दिया।
‘सेट पर एनर्जी टॉक्सिक थी’
कुमार मंगत ने अक्षय खन्ना पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘सेक्शन 375’ के वक्त भी कई लोगों ने उनके अनप्रोफेशनल बिहेवियर को लेकर चेताया था। उनका कहना है कि सेट पर अक्षय की एनर्जी काफी टॉक्सिक रहती थी।
उन्होंने यह भी कहा कि ‘सेक्शन 375’ और ‘दृश्यम 2’ से ही अक्षय को दोबारा पहचान मिली। इससे पहले वे 3–4 साल तक घर पर बैठे थे। ‘दृश्यम 2’ के बाद ही उन्हें बड़े ऑफर मिलने शुरू हुए।
‘खुद को सुपरस्टार समझने लगे’
प्रोड्यूसर ने साफ कहा कि कुछ कलाकार मल्टीस्टारर फिल्मों की सफलता के बाद खुद को सुपरस्टार समझने लगते हैं और अक्षय के साथ भी यही हुआ। उनका दावा है कि अक्षय ने कहा था कि ‘धुरंधर’ उनके कारण हिट हुई, जबकि हकीकत यह है कि किसी भी फिल्म की सफलता के पीछे कई वजहें होती हैं।
कुमार मंगत ने यह भी कहा कि अगर अक्षय सोलो फिल्म करें तो वह 50 करोड़ का बिजनेस भी मुश्किल से कर पाएगी।
10 दिन पहले छोड़ी फिल्म
प्रोड्यूसर के मुताबिक, अलीबाग फार्महाउस में स्क्रिप्ट सुनते वक्त अक्षय इतने खुश थे कि उन्होंने इसे 500 करोड़ की फिल्म तक बता दिया था। एग्रीमेंट साइन हो चुका था, एडवांस मिल चुका था और कॉस्ट्यूम डिजाइनर तक को पेमेंट हो चुकी थी। इसके बावजूद शूटिंग से सिर्फ 10 दिन पहले अक्षय ने फिल्म छोड़ दी।
जयदीप अहलावत की एंट्री
कुमार मंगत ने साफ किया कि ‘दृश्यम’ एक बड़ा ब्रांड है और किसी एक कलाकार के जाने से फर्क नहीं पड़ता। अक्षय की जगह अब जयदीप अहलावत को कास्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अक्षय से बेहतर एक्टर और उससे भी बेहतर इंसान मिला है।

