District Panchayat: छत्तीसगढ़ के कई जिला पंचायतों में BJP का कब्जा

Date:

District Panchayat: रायपुर। अधिकांश जिला पंचायतों में अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है। बेमेतरा, दुर्ग, कोरिया और कांकेर जिला पंचायत में भाजपा समर्थित अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। बेमेतरा से भाजपा की कल्पना योगेश तिवारी जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित घोषित हुई हैं।

दुर्ग में जिला पंचायत अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां भाजपा समर्थित सरस्वती बंजारे निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। दुर्ग जिला पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशी ज्यादा संख्या में जीतकर आए थे। इससे परे बेमेतरा में भाजपा ने कल्पना योगेश तिवारी को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित किया था। कल्पना प्रदेश में सबसे ज्यादा वोटों से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर आई हैं। यहां कांग्रेस ने शशि गायकवाड़ को अध्यक्ष प्रत्याशी बनाया था। वोटिंग में कल्पना योगेश तिवारी को 10, और शशि को 4 वोट ही मिल सके। लंबे समय बाद बेमेतरा में भाजपा के जिला पंचायत पर कब्जे से पार्टी में खुशी की लहर है।

कोरिया में भाजपा समर्थित दो प्रत्याशी..!

उधर कोरिया में जिला पंचायत चुनाव में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई, जब भाजपा समर्थित दो प्रत्याशी मैदान में उतर गए। पार्टी ने मोहित राम पैकरा को अधिकृत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन पूर्व मंत्री भैय्यालाल राजवाड़े इसके खिलाफ थे। उनके खुले विरोध के बाद भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी मोहितराम पैकरा चुनाव जीतने में कामयाब रहे।

पूर्व मंत्री भैय्यालाल राजवाड़े की पुत्री और बहू जिला पंचायत की सदस्य बनी हैं। राजवाड़े ने एक अन्य प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा। जिसे उनकी पुत्री ने समर्थन दिया था। मगर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी मोहितराम पैकरा दो वोट से जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव जीतने में कामयाब रहे। पैकरा को 6 वोट मिले, जबकि भैय्यालाल राजवाड़े समर्थक महिला प्रत्याशी को 4 वोट ही मिल पाए।

इसी तरह कांकेर जिला पंचायत में भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत हासिल की है। किरण नरेटी को अध्यक्ष पद पर 10 वोट मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की तारा ठाकुर ने 9 वोट हासिल किए। उधर दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को बराबर 5-5 मत मिले। इसके बाद टॉस से अध्यक्ष पद का फैसला हुआ, जिसमें भाजपा के नंदलाल मुडामी ने जीत हासिल की।

कोरबा में जिला पंचायत के अध्यक्ष पद पर भाजपा के पवन कुमार सिंह, सक्ती जिला पंचायत से भाजपा के कीर्तन चंद्र, जांजगीर-चांपा जिला पंचायत में सत्य लता मिरी, गरियाबंद जिला पंचायत में गौरीशंकर कश्यप, सूरजपुर से चंद्रमणि निर्विरोध, बस्तर जिला पंचायत में वेतमति कश्यप निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बीजापुर जिला पंचायत से भाजपा की जानकी कोर्स, खैरागढ़ जिला पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका खंबन ताम्रकार और उपाध्यक्ष के तौर पर विक्रांत सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए।

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related