Congress workers took to the streets with cylinders in their hands, raising their voice against inflation.
रायपुर : देशभर में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में हाल ही में हुई करीब 60 रुपए की बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को रायपुर के घड़ी चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी नेता हाथ में गैस सिलेंडर लेकर चौराहे पर खड़े नजर आए और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में ₹60 और व्यावसायिक सिलेंडर में ₹110 प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों की जेब पर लगातार बोझ बढ़ता जा रहा है।
![]()
चूल्हा जलाकर विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर उस पर खाना बनाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ने से घर का बजट बिगड़ रहा है और आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। महिलाओं ने कहा कि अगर यही हाल रहा तो लोगों को गैस छोड़कर फिर से पारंपरिक चूल्हे का सहारा लेना पड़ेगा।
तेल कंपनियों के कार्यालय घेराव का ऐलान
कांग्रेस ने इस बढ़ोतरी के विरोध में तेल के सरकारी उपक्रमों के कार्यालयों के घेराव का कार्यक्रम भी घोषित किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि सरकार ने जल्द फैसला वापस नहीं लिया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

