Trending Nowशहर एवं राज्य

पहले चरण में कांग्रेस को 16 और दूसरे चरण में 45-50 सीट मिल रही : टीएस सिंहदेव

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का कहना है कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता चुनावी पटाखे नहीं, बल्कि दिवाली के पटाखे चला रहे थे। पहले चरण के मतदान में कांग्रेस को 20 में से 16 सीटें मिलेंगी। छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि हाईकमान जिन्हें भी तय करेगा वह मुख्यमंत्री होगा। सिंहदेव ने ये बातें बिलासपुर में कही।

डिप्टी सीएम ने बिलासपुर और बेलतरा की सीट पर शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में नुक्कड़ सभा ली। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के चुनाव में कांग्रेस को अच्छी बढ़त मिल रही है। ऐसे ही दूसरे चरण के मतदान में 70 सीटों में से 45-50 सीटों पर जीत का अनुमान है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र को पब्लिक सुनती है।

सिंहदेव बोले घोषणा पत्र में पहले जिन लोगों ने क्या कहा और क्या किया उसकी तुलना करती है, फिर जनता मतदान करती है। उन्होंने कहा कि 40 लाख लोग छत्तीसगढ़ में गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। नीति आयोग ने कहा है कि पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के समय में छत्तीसगढ़ सर्वाधिक गरीबी वाला राज्य था। 39.92 प्रतिशत रिजर्व बैंक के आंकड़े हैं। 40 फीसदी लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठते हैं, तो बहुत बड़ी उपलब्धि है।

बिलासपुर नगर निगम के महापौर रामशरण यादव के वायरल ऑडियो पर टीएस सिंहदेव ने कहा कि अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। इस तरह की बातें पूरी तरह से आधारहीन है। जिन्होंने भी ऐसा कुछ कहा है, वो पहले उस व्यक्ति के बारे में पता करें कि वो इस दुनिया में है कि नहीं, जीवित है कि नहीं रोहतक में, यह सबको पता होना चाहिए। बिना समझौते के कड़ी से कड़ी कार्रवाई होना चाहिए। यह साजिश है या भावना है। लेकिन, यह स्वीकार्य नहीं है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने पर अगले सीएम को लेकर उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि हाईकमान जिन्हें भी तय करेंगे, फाइनल वहीं होगा। विधायकों से भी रायशुमारी होगी। हाईकमान जिन पर फैसला करता है, तो हम साथ मिलकर काम करते हैं। सबको अलग-अलग जवाबदारियां मिलती हैं, तो इस बार भी वैसी ही जवाबदारियां मिलेंगी।

डिप्टी सीएम टीएस सिहदेव ने नुक्कड़ सभा के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ की राजनीति में कमल का फूल नहीं खिलेगा। प्रदेश में दो तिहाई बहुमत के साथ यानी कि पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बन रही है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता, महिलाओं, छात्र-छात्राओं तथा युवाओं के लिए जो योजना बनाई हैं, उसे प्रदेश में लागू किया जाएगा। उन्होंने गांधी चौक में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा है कि 45 लाख गरीब परिवारों को निशुल्क बिजली दी जाएगी।

Advt_07_002_2024
Advt_07_003_2024
Advt_14june24
july_2024_advt0001
Share This: