CHHATTISGARH : Tea in Raipur, Mayor on the road in Korba! Why?
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्ट्रीट वेंडरों को लेकर सियासत गरमा गई है। एक तरफ राजधानी रायपुर में डिप्टी सीएम अरुण साव पथ विक्रेताओं के स्टॉल पर पहुंचकर चाय पीते और उनका हौसला बढ़ाते नजर आए, तो दूसरी तरफ कोरबा में छोटे दुकानदारों को दुकान लगाने से रोकने के लिए नगर निगम ने उनके निर्धारित स्थानों पर अपने वाहन खड़े कर दिए। मामला इतना बढ़ा कि भाजपा की महापौर संजूदेवी राजपूत को खुद दुकानदारों के साथ सड़क पर बैठना पड़ा।
दरअसल, रायपुर में आयोजित स्वनिधि महोत्सव के दौरान अरुण साव ने फूड स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने पथ विक्रेताओं से कारोबार का हाल जाना और उनके हाथों बनी चाय भी पी। महिला दुकानदारों के साथ बैठकर भोजन भी किया। सरकार ने इस आयोजन के जरिए स्ट्रीट वेंडरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
वहीं, कोरबा के बुधवारी बाजार में नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर दुकानदारों के स्थानों पर निगम के वाहन खड़े कर दिए गए। त्योहारी सीजन में दुकान लगाने से रोके जाने पर महापौर संजूदेवी राजपूत मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों से वाहन हटाने को कहा, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई तो वे दुकानदारों के साथ सड़क पर बैठ गईं।
विवाद बढ़ने पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कलेक्टर से बात की। इसके बाद त्योहारी सीजन तक दुकानदारों को दुकान लगाने की अनुमति दी गई और निगम के वाहन हटाए गए।
अब सवाल यह है कि जब सरकार स्ट्रीट वेंडरों को बढ़ावा देने की बात कर रही है, तो नगर निगमों के फैसलों में यह नीति क्यों नजर नहीं आ रही?


