RAHUL GANDHI VIDEO : Rahul rides on a scooter owned by a female rider
रायपुर। तेलंगाना में गिग वर्कर्स यानी ऑनलाइन डिलीवरी और कैब सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के लिए सरकार ने कई बड़े ऐलान किए हैं। शनिवार को हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी का एक खास अंदाज भी देखने को मिला। वे गिग वर्कर्स के समर्थन में निकाली गई बाइक और स्कूटी रैली में शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी एक महिला गिग वर्कर की स्कूटी के पीछे बैठे नजर आए। उनके साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मौजूद रहे।
रैली के बाद गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस उन्हें मजदूर नहीं, बल्कि पार्टनर मानती है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर आरोप लगाया कि वे कर्मचारियों से ज्यादा काम कराकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं।
राहुल के मुताबिक, तेलंगाना सरकार हर गिग वर्कर को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस देने जा रही है। इसके अलावा हर डिलीवरी या राइड ट्रांजेक्शन से 1 प्रतिशत राशि सीधे वर्कर के बैंक खाते में जमा करने की व्यवस्था की जाएगी।
शहरों में रेस्ट जोन बनाने और कर्मचारियों को अपने काम से जुड़ा डेटा देखने का अधिकार देने की भी बात कही गई। कार्यक्रम में गिग वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड की शुरुआत भी हुई।
तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स कानून 2 जून 2026 से लागू है। अब 14 नवंबर को इसके नियमों की अधिसूचना जारी होने की जानकारी दी गई है।


