CHHATTISGARH : Chhattisgarh Mahila Congress will participate in the Voter Rights Yatra in Delhi.
रायपुर। मतदाता अधिकारों के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस दिल्ली में अपनी आवाज उठाने की तैयारी में है। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली वोटर अधिकार यात्रा में प्रदेश की महिला कांग्रेस प्रतिनिधि शामिल होंगी। संगठन की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।
इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रायपुर स्थित राजीव भवन में महिला कांग्रेस की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष और बालोद विधायक संगीता सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति के साथ प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
पहले इंदिरा गांधी को देंगी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के तय कार्यक्रम के मुताबिक, महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि 31 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचेंगी। यहां वे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के श्रद्धांजलि स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। इसके बाद 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में हिस्सा लेंगी।
महिला कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा के जरिए मतदाताओं के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा का मुद्दा उठाया जाएगा। बैठक में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने आम जनता के अधिकारों के लिए आवाज उठाने और सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।
बैठक में राष्ट्रीय समन्वयक प्रीति उपाध्याय, गंगा यादव, दीप्ति दुबे, अंजुमन ठेबर, डॉ. करुणा कुर्रे, सबा अली, संगीता दुबे, प्रगति बाजपेयी समेत प्रदेश की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
अब नजर 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम पर रहेगी, जहां महिला कांग्रेस मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाएगी।
